
यूपी – गाजियाबाद, 30 सितंबर। मोदीनगर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान मोदीनगर के बीच से गुजर रहे नाले के क्षतिग्रस्त हिस्सों का जायजा लिया गया। जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को तकनीकी आकलन कर मरम्मत और पुनरुद्धार कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
गांधी स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग पर तकनीकी टीम को स्थान, मानकों और अनुमानित लागत का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित जीडीए की अन्य संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया।
नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों का तकनीकी और वित्तीय परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, संबंधित अधिशासी अभियंता और तकनीकी टीम मौजूद रही।

