
यूपी – गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद की नई कार्यकारिणी एक अक्टूबर से कार्यभार संभालेगी। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नई कार्यकारिणी का परिचय कराने के साथ आगामी वर्ष की कार्ययोजना और प्राथमिकताओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत वर्तमान अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल ने की। इस दौरान एमएमजी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
मीडिया प्रभारी डॉ. नवनीत वर्मा ने वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी का परिचय कराया। इसमें अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद चावला, अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. अर्चना शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. अनुरागी, सचिव डॉ. राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष डॉ. सारिका जैन, संयुक्त सचिव डॉ. पारुल और डॉ. प्रियंका गुप्ता तथा संयुक्त कोषाध्यक्ष डॉ. रुपाली जोशी शामिल हैं।
अध्यक्ष डॉ. प्रवीण चावला ने बताया कि बच्चों और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों और सामाजिक स्तर पर स्वस्थ खान-पान, व्यायाम, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक स्वास्थ्य, नशे से बचाव और टीकाकरण जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन के लिए सतत चिकित्सा शिक्षा, कार्यशालाएं और केस डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे। डॉक्टर-मरीज के बीच विश्वास और संवाद मजबूत करने के साथ चिकित्सकों के स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्य-जीवन संतुलन पर भी ध्यान दिया जाएगा।

