
लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व को किया याद
यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद। लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट की ओर से 26 सितंबर को स्वरूप पार्क स्थित ज्ञानपीठ केंद्र-1 के प्रांगण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती को सार्वजनिक जीवन में ‘सादगी एवं ईमानदारी दिवस’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार जगतार सिंह भट्टी ने की। आयोजन इंजीनियर धीरेन्द्र यादव ने किया, जबकि संचालन श्रमिक नेता अनिल मिश्र ने किया।
मुख्य वक्ता समाजवादी चिंतक एवं शिक्षाविद राम दुलार यादव ने डॉ. मनमोहन सिंह के आर्थिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि 1991 के आर्थिक संकट के दौर में वित्तमंत्री के रूप में उन्होंने उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों को लागू कर देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. सिंह ने सादगी, ईमानदारी और नैतिकता की मिसाल कायम की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राजेन्द्र सिंह ने भजन तथा हुकुम सिंह ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर ओम प्रकाश अरोड़ा, सम्राट सिंह, जगन्नाथ प्रसाद, विजय मिश्र, मुनीव यादव, शिशिर यादव, हरिकृष्ण यादव, विक्रम सिंह, सुभाष यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

