
यूपी – गाजियाबाद। विकास भवन में शनिवार को आयोजित ‘हुनर हाट-दीपावली मेले’ में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप पहुंचे। उन्होंने दिव्यांग बच्चों एवं दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए उत्साह बढ़ाया।
इंस्टीट्यूट ऑफ रिहैबिलिटेशन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मुजफ्फरनगर के संयुक्त प्रयासों से आयोजित मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को मंच उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्ण जीवन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और क्षमता की सीमा तय नहीं करती। उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर दिव्यांगजन हर क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सकते हैं।
उन्होंने दिव्यांग बच्चों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को दया नहीं, बल्कि समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

