जिलाधिकारी ने कहा जनगणना के दौरान छूटे 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाएंगे

यूपी – गाजियाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में मतदेय स्थलों की नई सूची जारी करने के साथ जनगणना के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने की विशेष पहल की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 865 मतदान केंद्र और 3,073 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें लोनी में 540, मुरादनगर में 504, साहिबाबाद में 1,033, गाजियाबाद में 489, मोदीनगर में 382 तथा धौलाना आंशिक में 125 मतदेय स्थल शामिल हैं।

जनगणना के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इसके लिए 9,440 गणना खंड बनाए गए हैं। कार्य में 16 चार्ज अधिकारी, 1,169 पर्यवेक्षक और 7,162 प्रगणक लगाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के ऐसे नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उनकी जानकारी बूथ लेवल अधिकारियों को देकर नियमानुसार नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।