डीपीएस एचआरआईटी कैंपस में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

यूपी – गाजियाबाद। दिल्ली पब्लिक स्कूल एचआरआईटी कैंपस में बुधवार को वार्षिकोत्सव ‘मंथन: विरासत से विकास तक’ भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, परंपराओं और विकास यात्रा को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सामूहिक गान के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एचआरआईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चांसलर तथा डीपीएस एचआरआईटी कैंपस के चेयरमैन डॉ. अनिल अग्रवाल रहे। इस अवसर पर उप चांसलर एवं वाइस चेयरमैन डॉ. अंजुल अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. वैशाली अग्रवाल, एचआरआईटी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. डीके शर्मा, चर्चित, प्रियल, भामरी और प्रधानाचार्या नंदिनी शेखर उपस्थित रहीं।

विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। हनुमान चालीसा और ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। कौशल बोध प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित उत्पादों, रचनात्मक मॉडलों और नवाचारी परियोजनाओं का प्रदर्शन किया।

डॉ. अनिल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यालय की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की गई। समापन प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।