
यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन और वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 38 कंपनियों ने भाग लिया। इस दौरान 574 युवाओं ने रोजगार के लिए साक्षात्कार दिया, जिनमें से 298 विद्यार्थियों को कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी गौतम घोष ने बताया कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया। ऐसे आयोजन युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार तथा शिक्षण संस्थानों के संयुक्त प्रयास जरूरी हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार योग्य बनाना भी है।
संस्थान के महासचिव सीए अशोक कुमार सिंघल ने कहा कि युवाओं के लिए कौशल विकास, व्यावहारिक ज्ञान और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है। संस्थान की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने जिला प्रशासन, जिला सेवायोजन अधिकारी, प्रतिभागी कंपनियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। युवाओं को रोजगार संगम और सेवायोजन विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

