
यूपी – गाजियाबाद। श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में 6 नवंबर को प्रकाश का पर्व दीपावली बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय को वॉल हैंगिंग, बंदनवार और दीपकों सहित विभिन्न सजावटी वस्तुओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया। विघ्नहर्ता गणेश जी की सुंदर रंगोली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने विद्यालय परिवार को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम शर्मा ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें इस पर्व पर अपने हृदय में भी ज्ञान का दीपक जलाना चाहिए, जो स्वयं के साथ-साथ पूरे संसार को प्रकाशित कर सके।
विद्यालय के प्रबंधक ज्ञान प्रकाश गोयल ने भी सभी को दीपावली की बधाई दी। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल (सोप वाले), उपप्रबंधक अनिल कुमार, कोषाध्यक्ष मोहित गुप्ता सहित विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।

