पंकज शर्मा बने खाद्य एवं रसद विभाग की राज्य स्तरीय सतर्कता समिति के सदस्य

यूपी – लखनऊ, 5 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकज शर्मा को उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग की राज्य स्तरीय सतर्कता समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। उन्होंने बुधवार को विभागीय कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान अपर आयुक्त कामता प्रसाद सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

नवीन जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने बाबू भवन स्थित अपने कार्यालय में पंकज शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

पंकज शर्मा पूर्व में समाजवादी पार्टी में प्रदेश स्तर पर विभिन्न संगठनात्मक एवं राजनीतिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। बाद में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के साथ उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि राज्य स्तरीय सतर्कता समिति सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंकज शर्मा अपने अनुभव से पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाने और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने भी पंकज शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।