धीरेंद्र शास्त्री और संगीत राही के बयानों पर सिकंदर यादव ने उठाए सवाल, यादव-अहीर समाज के सम्मान का मुद्दा उठाया

यूपी – गाजियाबाद। लेखक सिकंदर यादव ने धीरेंद्र शास्त्री और संगीत राही के कथित विवादित बयानों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए यादव-अहीर समाज और भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और यादव-अहीर समाज को अपमानित करने वाले बयानों को सामान्य बयानबाजी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

सिकंदर यादव ने सवाल उठाया कि किसी भी व्यक्ति को करोड़ों लोगों की आस्था, इतिहास और सामाजिक अस्मिता को ठेस पहुंचाने का अधिकार कैसे मिल सकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता की बात करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मान का ध्यान रखना भी जरूरी है।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि यदि ऐसे बयानों का समर्थन नहीं किया जाता तो उनकी सार्वजनिक निंदा और जवाबदेही तय करने की पहल क्यों नहीं हुई।

सिकंदर यादव ने भाजपा में मौजूद यादव नेताओं से भी राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर समाज के सम्मान के मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज का स्वाभिमान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है और किसी भी जाति या समुदाय की आस्था का अपमान स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।