स्वदेशी उत्पाद खरीदकर मनाएं दीपावली का त्योहार : जय कमल अग्रवाल

यूपी – गाजियाबाद, 6 नवंबर। भाजपा नेता एवं अधिवक्ता जय कमल अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से दीपावली के पर्व पर अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी से देश के कारीगरों, शिल्पकारों, कुम्हारों और स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा उनके घरों में भी खुशियां आएंगी।

जय कमल अग्रवाल ने कहा कि दीपावली की खरीदारी करते समय स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का संकल्प लेना चाहिए। मिट्टी के दीपक, मोमबत्तियां, बिजली की झालरें और अन्य घरेलू सजावटी सामान स्थानीय दुकानदारों से खरीदना चाहिए। हमारी छोटी-छोटी खरीदारी लाखों कारीगरों और छोटे व्यापारियों के जीवन में खुशहाली ला सकती है।

उन्होंने लोगों से विदेशी कंपनियों के उत्पादों और ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए।

जय कमल अग्रवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए।