यूपी – गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 5 नवंबर को गाजियाबाद आगमन और रोड शो के दौरान भारतीय किसान यूनियन देहात के पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे। संगठन ने पहले ही रोड शो में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया था।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अवंतिका स्थित कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए और रोड शो स्थल की ओर रवाना हुए। पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। संगठन का आरोप है कि समय देने के बावजूद कोई सक्षम अधिकारी ज्ञापन लेने कैंप कार्यालय नहीं पहुंचा। इससे नाराज कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सभा स्थल की ओर बढ़े और नारेबाजी की। बाद में पुलिस के अनुरोध पर एसीपी ने किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर मनोज नागर ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अगली बार मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के गाजियाबाद आगमन पर सीधे उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा। रोकने पर काले झंडे दिखाए जाएंगे।
इस दौरान प्रदीप त्यागी, प्रमोद त्यागी, राजेंद्र चौधरी, डॉ. श्याम सुंदर, नरेश त्यागी, पप्पू त्यागी, गिरीश शर्मा, जान मोहम्मद, वासी ठेकेदार, फिरोज चौधरी, वहाब चौधरी, विकास नागर, नरेंद्र नागर, सुरेंद्र चौधरी, सुबोध लोहिया, राजेंद्र सिंह, जितेंद्र रौसा, विपिन मावी और राहुल त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

