खाद्य तेल व्यापारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग के बीच समन्वय बैठक

यूपी – गाजियाबाद, 27 सितंबर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए गाजियाबाद खाद्य तेल एसोसिएशन (रजि.) और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रेनबो होटल, बजरिया में समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में खाद्य तेल व्यापारी शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता ने किया। अध्यक्ष अजय शर्मा ने अधिकारियों और व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा खाद्य सुरक्षा नियमों की सही जानकारी उपलब्ध कराना है।

बैठक में खुले संवाद के दौरान व्यापारियों ने सर्विलांस और वैधानिक नमूनों की प्रक्रिया, नमूना रिपोर्ट तथा खाद्य लाइसेंस से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिला खाद्य अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि पास नमूने की रिपोर्ट व्यापारी के अनुरोध पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्विलांस के दो और वैधानिक नमूने के चार नमूने लिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

मेरठ मंडल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनीत यादव ने नए नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि व्यापारियों के लिए एफओएससीओएस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और प्रशिक्षण लेने वालों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।

बैठक में देवेन्द्र हितकारी, कमल, हिमांशु अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे। एसोसिएशन से मुकेश शर्मा, मनीष जैन, अजय शर्मा, प्रवीण गुप्ता, गौरव गुप्ता, दर्पण सिंघल, देवेन्द्र ओसवाल, सुरेन्द्र महाशय, प्रदीप मंगल, मोहित सिंघल और बिजेश कुमार गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।