मेवाड़ के ‘परिचय 2026’ में दिखी युवाओं की प्रतिभा, हिमानी बनीं मिस फ्रेशर

यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘परिचय 2026’ समारोह आयोजित किया गया। चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि मेवाड़ का उद्देश्य शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए नए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, शिक्षा और स्वावलंबन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण से हुआ। छात्रा नेहा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वंदेमातरम के बाद करमिंदर कौर, अर्श शेख और ट्यूलिप ने मेवाड़ के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। बीसीए, बीएड, बीबीए, बीकॉम, एलएलबी, बीए एलएलबी और एचएसएस के विद्यार्थियों अंकिता, रिया, वंशिका, इशिका, प्रिया, वर्षा, नीरा, रागिनी, जाहन्वी, सोनाली, सुहानी, संस्कृति, संजना, खुशी, मान्या, अलीशा, आस्था, काश्वी, पलक, कनक, तनिषा, शिक्षा और राधिका ने एकल, युगल व समूह नृत्य प्रस्तुत किए।

समारोह का मुख्य आकर्षण फैशन शो रहा, जिसमें 44 नवागंतुक विद्यार्थियों ने तीन चरणों में प्रतिभा दिखाई। एचएसएस प्रथम वर्ष की हिमानी को मिस फ्रेशर और अनुराग को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने आभार जताया। संचालन अमित पाराशर ने किया।