
यूपी – गाजियाबाद। लोनी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष मनोज धामा ने रविवार को दिल्ली-सहारनपुर मार्ग के दोनों तरफ चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से लगाए जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य की प्रगति देखी और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
मनोज धामा ने लोगों से कहा कि विकास कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं। उन्होंने अधिकारियों को भी समय-समय पर विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता परखने के निर्देश दिए, ताकि कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हो सकें।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर बॉर्डर बस डिपो से राशिद अली गेट तक दोनों तरफ करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से नालों का निर्माण तथा करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नालों को ढकने के लिए लोहे के जाल लगाने का कार्य भी नगरपालिका द्वारा कराया जा रहा है।
मनोज धामा ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से आने वाले दिनों में लोनी के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

