भाटिया मोड़ स्थित गुरू राम दास स्त्री सत्संग ट्रस्ट विवाद का हुआ समाधान, दोनों समितियां मिलकर करेंगी कार्य

यूपी – गाजियाबाद। भाटिया मोड़ स्थित गुरू राम दास स्त्री सत्संग ट्रस्ट को लेकर दो समितियों के बीच चल रहे विवाद का शनिवार को समाधान कर लिया गया। 26 सितंबर को दोपहर 2 बजे दोनों समितियों के पदाधिकारियों को उपजिलाधिकारी कार्यालय में सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम गाजियाबाद की उपस्थिति में बुलाकर मामले की सुनवाई की गई।

बैठक में पूर्व समिति की ओर से प्रधान मोहन पाल सिंह शान, उपाध्यक्ष मोहन पाल सिंह, उप सचिव आशा सिंह और कोषाध्यक्ष सरदार जसबन्त सिंह उपस्थित रहे। वहीं दूसरी समिति की ओर से प्रधान प्रीतपाल सिंह, उपाध्यक्ष कंवर दीप सिंह, कोषाध्यक्ष हरमीत सिंह और जगजीत सिंह ने बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान दोनों समितियों के पदाधिकारियों के बीच सहमति बनी कि दोनों समितियां फिलहाल संयुक्त रूप से कुछ समय तक साथ मिलकर कार्य करेंगी। साथ ही यह भी तय किया गया कि भविष्य में दोनों पक्षों के बीच दोबारा किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होने की स्थिति में सिख संगत के निर्णय के अनुसार चुनाव प्रक्रिया अपनाई जाएगी और नवीन समिति का गठन किया जाएगा।

दोनों पक्षों ने इस व्यवस्था पर अपनी सहमति प्रदान की। बैठक के बाद दोनों समितियों के बीच वर्तमान में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही गई।