
यूपी – गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित शिप्रा शिव मंदिर प्रांगण में श्री राम–सीता धार्मिक सेवा समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें आगामी श्री रामलीला महोत्सव 2026 की तैयारियों और सामाजिक सेवा से जुड़ी पहलों की जानकारी दी गई। समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि रामलीला महोत्सव 10 से 21 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें डांडिया नाइट विशेष आकर्षण रहेगा।
संजय सिंह ने बताया कि इस वर्ष रामलीला को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए श्री राम–सीता विवाह प्रसंग के दिन एक जरूरतमंद कन्या का विवाह भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक मंचन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों का संदेश भी समाज तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनातन एक विचार है, जो संसार को जीवन जीने का मार्ग दिखाता है। रामलीला के माध्यम से समाज में सेवा, सद्भाव और एकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से परिवार और बच्चों के साथ रामलीला में शामिल होने तथा आयोजन एवं समाजसेवा की पहल में सहयोग करने की अपील की। समिति ने सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

