
यूपी – गाजियाबाद। अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज (एकेजीईसी) में एनआईटीटीटीआर, चंडीगढ़ और आईक्यूएसी के संयुक्त सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। 21 से 25 सितंबर तक चले कार्यक्रम का विषय ‘परिणाम आधारित शिक्षा के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया में बदलाव’ रहा।
कार्यक्रम में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, परिणाम आधारित शिक्षा, मूल्यांकन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। समापन अवसर पर सत्यापन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ व्याख्यान, गतिविधियों और शिक्षण प्रक्रियाओं की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में डॉ. ए.बी. गुप्ता, डॉ. मैत्रेयी दत्ता और डॉ. एस.के. नास्कर ने विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए। तंवीर सिंह ने उन्नत शिक्षण पद्धतियों पर विशेष सत्र लिया। एकेजीईसी की ओर से डॉ. नीलेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के मानदंड-2 की जानकारी दी। डॉ. अवधेश गुप्ता और डॉ. जितेंद्र छाबड़ा ने पाठ्यक्रम परिणाम, मूल्यांकन एवं रूब्रिक पर विचार रखे।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. अनुपमा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक डॉ. हेमंत आहूजा, डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और प्रतिभागी मौजूद रहे।

