
यूपी – गाजियाबाद। महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत देखभाल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिराज फाउंडेशन और बस्ता फाउंडेशन की ओर से संयुक्त रूप से प्रोजेक्ट कामाख्या के तहत अवंतिका स्थित तिरंगा पार्क में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत देखभाल से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई।
जागरूकता सत्र में मासिक धर्म स्वच्छता, सही स्वच्छता पद्धतियों और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। साथ ही मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को सैनिटरी पैड वितरित किए गए। इसके अलावा फेसवॉश, बॉडी लोशन सहित व्यक्तिगत स्वच्छता और देखभाल से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में बिराज फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. बिराज सिंह, ट्रेनर परमजीत कौर, डॉ. पूजा, शिक्षा दास, निधि और शाइली सहित दोनों संस्थाओं की टीम के सदस्य एवं स्थानीय प्रतिभागी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि प्रोजेक्ट कामाख्या का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की सही जानकारी देना और जरूरतमंदों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाना है।

