
यूपी – गाजियाबाद। राजनगर मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष ओम दत्त कौशिक एडवोकेट ने संजय नगर प्रथम के वार्ड 67 और वार्ड 55 के बीच एएलटी मोड़ से रहीसपुर जाने वाली सड़क पर प्रस्तावित स्लाट हाउस को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निटरा के पास पहले से ही कूड़ा घर होने के कारण क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ओम दत्त कौशिक ने आरोप लगाया कि पी ब्लॉक टी-पॉइंट के सामने कविनगर जोन के छोटे-बड़े नालों की गाद डालने के लिए टीन शेड और एंगल से निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके पास जिला एमएमजी अस्पताल है तथा संजय नगर के ए से एन ब्लॉक और रहीसपुर गांव के हजारों लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। ऐसे में यहां कूड़ा या गाद रखने से दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या बढ़ सकती है।
उन्होंने बताया कि पहले यह निर्माण राजनगर सेक्टर-7 के सामने हरित पट्टी में किया जा रहा था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। अब इसे एएलटी-रहीसपुर रोड की हरित पट्टी में बनाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से निर्माण का कारण स्पष्ट करने और लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखने की मांग की।
इस दौरान पार्षद उमेश पप्पू नागर, समाजसेवी सुभाष शर्मा, तनुज खन्ना, अनिल अरोड़ा, हीरु चौहान और जयदीप सिंह मौजूद रहे।

