₹66.73 करोड़ के विकास कार्यों को नगरीय अवस्थापना निधि समिति की मंजूरी

यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय के सभागार में 24 सितंबर को नगरीय अवस्थापना निधि समिति की बैठक मंडलायुक्त मेरठ मंडल एवं जीडीए बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यातायात, सड़क सुरक्षा, हरित परिवहन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े करीब 66.73 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक में बताया गया कि 31 अगस्त 2026 तक नगरीय अवस्थापना निधि में 272.53 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 की संभावित आय को जोड़कर 31 मार्च 2027 तक करीब 322.53 करोड़ रुपये उपलब्ध होने का अनुमान है।

जीटी रोड पर घंटाघर रामलीला मैदान से चौधरी मोड़, भाटिया मोड़ होते हुए आधार सेवा केंद्र तक करीब दो किलोमीटर लंबे चार लेन एलिवेटेड रोड के लिए 50.23 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी और करीब 100 करोड़ रुपये के ऋण की व्यवस्था का प्रस्ताव मंजूर हुआ। परियोजना की अनुमानित लागत 200.23 करोड़ रुपये है। इससे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।

नए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और एलटीएच क्रॉसिंग के बीच ‘बीच वाला फाटक’ एलसी-3सी के स्थान पर अंडरपास निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की प्राधिकरण हिस्सेदारी भी स्वीकृत की गई। वहीं, विभिन्न योजनाओं के करीब 30 पार्कों में ओपन जिम के लिए 4.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए।

मधुबन-बापूधाम योजना में बुनकर मार्ट के शेष 60 करोड़ रुपये अब योजना मद से खर्च किए जाएंगे। बैठक में अन्य संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।