
यूपी – गाजियाबाद। पीएम श्री विद्यालय मोरटी, रजापुर में मीना मंच के अंतर्गत मीना का जन्मदिन और मीना मेला उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी से हुई। अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद केक काटकर मीना का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मीना मेले में विद्यार्थियों ने खेल, खान-पान सहित विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए। गोलगप्पे का स्टॉल विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा। अभिभावकों ने मेले में बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों तथा चित्रकला प्रदर्शनी की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट स्टॉल लगाने वाले तथा चित्रकला प्रदर्शनी में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि मीना मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता का अवसर मिलता है। कार्यक्रम ने बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

