
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 174वीं बोर्ड बैठक 24 सितंबर को आयुक्त मेरठ मंडल एवं बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में प्राधिकरण के सभागार में हुई। बैठक में शहर के आवासीय विस्तार, टाउनशिप, औद्योगिक विकास, अवस्थापना और खेल सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
बैठक में जिलाधिकारी गाजियाबाद रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीना, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक, संयुक्त निदेशक कोषागार एवं पेंशन मेरठ मंडल सतीश कुमार, प्रतिनिधि सीटीसीपी एवं मुख्य समन्वयक नियोजक एनसीआर प्रकोष्ठ विशाल भारती तथा क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा प्रदीप कुमार सत्यार्थी मौजूद रहे। बोर्ड सदस्य केशव त्यागी और पवन गोयल भी उपस्थित रहे।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त करने और समझौता ज्ञापन व व्यवहार्यता रिपोर्ट की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई। इससे खेल सुविधाओं के साथ रोजगार, व्यापार और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
हरनन्दीपुरम आवासीय योजना के प्रथम चरण में 24.1213 हेक्टेयर भूमि के भू-उपयोग परिवर्तन को स्वीकृति मिली। इन्दिरापुरम में 5,965.29 वर्गमीटर भूमि को आवासीय उपयोग में लाने, कोयल एन्क्लेव और इन्द्रप्रस्थ में प्लॉटेड डेवलपमेंट, वेव सिटी में भू-उपयोग परिवर्तन तथा सनसिटी टाउनशिप के प्रथम चरण के मानचित्र को भी मंजूरी दी गई।
हसनपुर लोढ़ा में 13.1568 हेक्टेयर भूमि को औद्योगिक उपयोग में बदलने, शाहपुर बम्हैटा की सनराइज ग्रीन टाउनशिप की संशोधित डीपीआर तथा मधुबन-बापूधाम में 198 दो-बीएचके आवासों की ई-नीलामी संबंधी प्रस्तावों पर भी बोर्ड ने मुहर लगाई।

