‘मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने चित्रों में दिखाई देश की कल्पना

यूपी – गाजियाबाद। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत इंग्राहम इंटर कॉलेज, राजनगर में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार पेंटिंग एवं पोस्टरों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ स्थानीय पार्षद एवं नगर निगम गाजियाबाद के उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने किया।

इस अवसर पर पार्षद एवं पूर्व उपाध्यक्ष नगर निगम राजीव शर्मा ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। दोनों पार्षदों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों ने पेंटिंग और पोस्टरों के माध्यम से भारत के प्रति अपने विचारों, कल्पनाओं और सपनों को आकर्षक एवं रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।

प्रदर्शनी देखने के लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों की कलाकृतियों में देश के विकास, सुंदर भविष्य और सकारात्मक सोच की झलक देखी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार मेंसी ने कार्यक्रम के आयोजन को विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी कल्पनाओं को रचनात्मक माध्यम से व्यक्त करने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ देश के प्रति सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।