यूपी – गाजियाबाद। मंगलमय इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित कैंपस टायकून कार्यक्रम में मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीबीए विद्यार्थियों ने एंबुलेंस को यातायात से जल्दी निकालने का अभिनव विचार प्रस्तुत कर द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। विद्यार्थियों के इस विचार को अति महत्वपूर्ण श्रेणी में पुरस्कार मिला।
संस्थान की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने बताया कि बीबीए के विद्यार्थियों अरबाज अंसारी, अलीशा और प्रियांश आर्य ने एंबुलेंस के लिए स्वचालित ग्रीन कॉरिडोर बनाने की तकनीक प्रस्तुत की। इसके तहत एंबुलेंस में विशेष उपकरण लगाया जाएगा, जो जीपीएस के माध्यम से उसकी स्थिति का पता लगाएगा।
एंबुलेंस के चौराहे के पास पहुंचने से पहले ही प्रणाली आगे लगे यातायात संकेतों को इसकी सूचना देगी। इसके बाद एंबुलेंस के मार्ग में आने वाले संकेतक स्वतः हरे होते जाएंगे और उसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनता जाएगा। इससे एंबुलेंस को यातायात संकेतों पर रुकने की जरूरत कम होगी और मरीज को अस्पताल पहुंचाने में समय की बचत होगी।
डॉ. अलका अग्रवाल ने बताया कि व्यवस्था में आंकड़े क्लाउड सर्वर पर सुरक्षित रखे जाएंगे और प्रणाली केवल पंजीकृत एंबुलेंस के लिए काम करेगी। विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

