
यूपी – गाजियाबाद। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विशाल अधिवक्ता तिरंगा यात्रा में सहयोग और सहभागिता के लिए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग को अधिवक्ताओं ने सम्मानित किया। सम्मान समारोह में अधिवक्ताओं ने अभिषेक गर्ग को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट किया।
बताया गया कि 15 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान अभिषेक गर्ग की ओर से पंडाल लगाकर यात्रा में शामिल अधिवक्ताओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल अधिवक्ताओं का फूल-मालाएं पहनाकर और पगड़ी बांधकर स्वागत एवं सम्मान भी किया था।
अधिवक्ताओं ने उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिषेक गर्ग सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रियता से सहयोग करते हैं तथा अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों के लिए भी तत्पर रहते हैं।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान गौतम त्यागी, विष्णु गुप्ता, विकास वशिष्ठ, अमित शर्मा, इंसाफ अली, रिजवान अली, राशिद अहमद, आकाश और बिजेंद्र सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

