संपत्ति कर में शामिल करने की मांग को लेकर बी और सी ब्लॉक के व्यापारियों का धरना शुरू

यूपी – गाजियाबाद। रामानुज दयाल मार्केट, रमते राम रोड में बी और सी ब्लॉक के व्यापारियों ने संपत्ति कर में शामिल किए जाने की मांग को लेकर नगर निगम के खिलाफ सामूहिक धरना शुरू कर दिया है। बुधवार से शुरू हुआ धरना 30 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा।

धरना स्थल पर व्यापारियों को समर्थन देने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांग का समर्थन किया। व्यापारियों का कहना है कि जब डी ब्लॉक को संपत्ति कर के दायरे में शामिल किया गया है तो बी और सी ब्लॉक को भी समान रूप से संपत्ति कर में शामिल किया जाना चाहिए।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की अनदेखी के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उनका कहना है कि समान स्थिति वाले क्षेत्रों में अलग-अलग व्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

अभिषेक गर्ग ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को व्यापारियों की जायज मांग पर तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए और प्रशासन को सभी पक्षों से बातचीत कर उचित निर्णय लेना चाहिए।

धरने में क्षेत्र के कई प्रमुख व्यापारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। व्यापारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।