
यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने विवेकानंद नगर में आयोजित सुंदरकांड पाठ, खाटू श्याम जी के संगीतमय कीर्तन और संगठनात्मक कार्यक्रम में सहभागिता की। सुंदरकांड पाठ के दौरान उन्होंने प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की आराधना की तथा महाआरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद एकादशी के अवसर पर आयोजित खाटू श्याम जी के भव्य कीर्तन में अभिषेक गर्ग ने बाबा श्याम के दरबार में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजवादी पार्टी नेता वीरेंद्र सिंह एड. को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किए जाने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अभिषेक गर्ग ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि वीरेंद्र सिंह का प्रदेश कार्यकारिणी में मनोनयन संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और निरंतर संघर्ष का परिणाम है। उनके विधिक एवं सामाजिक अनुभवों से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
वीरेंद्र सिंह एड. ने पार्टी नेतृत्व और अभिषेक गर्ग का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों के लिए संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

