यूपी – गाजियाबाद। पशुपालन विभाग की ओर से संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले में सघन जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान चलाया गया। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी गाजियाबाद डॉ. एस.पी. पांडेय के दिशा-निर्देशों में आयोजित अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के उपायों की जानकारी दी गई।
राजकीय पशु चिकित्सालय मोरटा के प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चौधरी के नेतृत्व में ग्राम भीकनपुर, ग्राम शाहपुर निज मोरटा तथा ग्राम भोवापुर में अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पशुपालकों के पशुओं का आवश्यक टीकाकरण किया गया। साथ ही पशुओं में फैलने वाली विभिन्न संक्रामक बीमारियों के लक्षण, बचाव और रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉ. राहुल चौधरी ने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान देने और समय से टीकाकरण कराने की अपील की।
अभियान को सफल बनाने में मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई के प्रभारी डॉ. अमित सैन, पशु चिकित्सा औषधालय मोरटा के पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट विवेक त्यागी तथा पैरावेट सोनू प्रजापति का विशेष योगदान रहा। विभागीय टीम ने पशुपालकों को पशुधन के स्वास्थ्य के प्रति लगातार सजग रहने का संदेश दिया।

