
ठोस निर्णय नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
यूपी – गाजियाबाद। वेव सिटी से जुड़े किसानों और जीडीए अधिकारियों के बीच गुरुवार को जीडीए सभागार में करीब डेढ़ घंटे तक वार्ता हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांडड ने की। इस दौरान जीडीए उपाध्यक्ष भी मौजूद रहे। किसानों की ओर से भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी पूरी कमेटी के साथ बैठक में शामिल हुए।
बैठक में किसानों ने वेव सिटी से संबंधित समझौते और अपने अधिकारों से जुड़े सभी दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि प्रस्तुत दस्तावेजों की गहनता से जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कोई निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, बैठक में अगली वार्ता की कोई निश्चित तारीख किसानों को नहीं दी गई।
किसान नेता अनुज चौधरी ने कहा कि किसानों को हर बार की तरह इस बार भी तारीख देने का प्रयास किया गया, जबकि उनकी संपूर्ण समस्याओं को नहीं सुना गया। उन्होंने कहा कि भूमिहीन किसानों का मुद्दा उठाए जाने पर अधिकारियों ने केवल इतना बताया कि जल्द ही एक काउंटर लगाया जाएगा, जहां भूमिहीन किसान अपने दस्तावेज जमा कर सकेंगे। किसानों का कहना है कि काउंटर कब लगेगा, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इससे किसानों में आक्रोश है। अनुज चौधरी ने कहा कि जब तक ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। जल्द ही महापंचायत आयोजित की जाएगी और वेव सिटी का निर्माण कार्य भी बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को उनका अधिकार दिलाने के संबंध में निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक के बाद किसानों ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन और बिल्डर क्षेत्रीय निवासियों के अधिकारों को दबाने के लिए एकजुट हो गए हैं।

