
यूपी – गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय स्थित राजकीय रक्त कोष में विकास हिंदू के जन्मदिन पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ दूधेश्वर नाथ मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज ने किया। उन्होंने विकास हिंदू को राष्ट्रहित और समाजसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता द्वारा रक्तदान जैसे पुण्य कार्य को प्रोत्साहित करने की सराहना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। रक्तदान में जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता।
सुभाष गुप्ता ने बताया कि विकास हिंदू और उनकी टीम प्रतिवर्ष उनके जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित कर युवाओं को समाजसेवा और रक्तदान के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने लोगों से अपने क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने की अपील की।
शिविर को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार का मार्गदर्शन मिला। डॉ. अंशुल कुमार, सर्वेश कुमार और विनोद कुमार सहित जिला रक्त कोष की टीम ने सहयोग किया। रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

