एकेजीईसी में पांच दिवसीय शिक्षक विकास कार्यक्रम का शुभारंभ

यूपीगाजियाबाद, 21 सितंबर। अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज (एकेजीईसी) में एनआईटीटीटीआर, चंडीगढ़ एवं आईक्यूएसी के संयुक्त सहयोग से पांच दिवसीय शिक्षक विकास कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम 21 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य विषय परिणाम आधारित शिक्षा के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया में बदलाव है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। आईक्यूएसी के विभागाध्यक्ष एवं समन्वयक डॉ. नीलेश कुमार गुप्ता ने स्वागत भाषण में परिणाम आधारित शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ कौशल और क्षमताओं का विकास करना है।

कॉलेज के निदेशक डॉ. हेमन्त आहूजा ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, कौशल और व्यावहारिक क्षमता का विकास आवश्यक है। उन्होंने शिक्षण, परीक्षा, प्रतिपुष्टि और मूल्यांकन के बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

कार्यक्रम में ब्लूम्स टैक्सोनॉमी, मिश्रित शिक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपकरणों का उपयोग, पाठ्यक्रम परिणाम, सीओ-पीओ/पीएसओ मानचित्रण, शिक्षण-अधिगम, मूल्यांकन, व्यावहारिक कौशल, अनुभवात्मक अधिगम और मूल्यांकन के लिए रूब्रिक सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

एनआईटीटीटीआर चंडीगढ़ के शिक्षा एवं शैक्षिक प्रबंधन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. ए.बी. गुप्ता ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में संयोजक डॉ. अनुपमा शर्मा, डॉ. अवधेश गुप्ता, डॉ. दुष्यंत सिंह चौहान सहित विभागाध्यक्ष, डीन और प्रतिभागी उपस्थित रहे।