मोदीनगर में जीडीए ने बुलडोजर चलाकर 17 हजार वर्ग मीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त की

यूपीगाजियाबाद। जीडीए के प्रवर्तन जोन-2 ने मोदीनगर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कर दिया। 21 सितंबर को प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में ग्राम रोरी में मंगल विहार कॉलोनी के पीछे खसरा संख्या 922, 923 और 924 में करीब 17 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।

जीडीए के अनुसार, मौके पर सड़क निर्माण के लिए मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा था। साथ ही कॉलोनाइजर द्वारा आरसीसी सड़कें, बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग विकसित की गई थी। प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते ने इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी। कार्रवाई में मुकेश ठाकुर पुत्र धर्मवीर सिंह, गौरव चौहान पुत्र कुलबीर चौहान, एमजी प्रोपर्टीज, जितेन्द्र कुमार पुत्र राजवीर सिंह तथा सुनील व्यास पुत्र शिवराज व्यास और गूजरमल साइंस फाउंडेशन सोसायटी से संबंधित अवैध निर्माण शामिल थे।

मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए ने बताया कि आगामी माह में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।