2027 के मिशन के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता, कमल निशान हमारी पहचान: नितिन नबीन

यूपीगाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का गाजियाबाद में एनएच-9 पर भव्य स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। नितिन नबीन वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए नितिन नबीन ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमल का निशान भाजपा की पहचान है और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति माध्यम है, जबकि पार्टी का विचार और संकल्प सर्वोपरि है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी के विचारों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। नबीन ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर निरंतर काम करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद अतुल गर्ग, सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, जिला प्रभारी अशोक कटारिया, प्रदेश महामंत्री राजेश सिंह, सदर विधायक संजीव शर्मा और अजीत पाल त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।