
यूपी – गाजियाबाद। पहली वेटरन राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन 19 सितंबर 2026 को एचआरआईटी यूनिवर्सिटी, मेरठ रोड, गाजियाबाद में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग बॉल फेडरेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रदेशों की 50 प्लस पुरुष और 25 प्लस महिला वर्ग की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
इस अवसर पर एशियन शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव रविंद्र सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश कादियान, शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अजय पाल प्रमुख, राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता अमरजीत सिंह बिड्डी, शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अंजूल अग्रवाल और महासचिव जीतराज तोमर सहित विभिन्न प्रदेशों से आए फेडरेशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में दिल्ली ने हरियाणा को 21-19, 21-19 से, विदर्भ ने उत्तराखंड को 12-21, 21-19, 21-19 से तथा उत्तर प्रदेश ने गुजरात को 21-9, 21-10 से हराया। महिला वर्ग में दिल्ली ने उत्तर प्रदेश को 21-12, 21-12 से और राजस्थान ने उत्तराखंड को 21-13, 21-5 से पराजित किया।
चैंपियनशिप का समापन समारोह 20 सितंबर को राष्ट्रीय शूटिंग बॉल दिवस के अवसर पर शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा।

