गणेश अस्पताल और बिराज फाउंडेशन ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

यूपी – गाजियाबाद/मुरादनगर। गणेश अस्पताल और बिराज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पवित्रा होम्योपैथिक क्लिनिक, मुरादनगर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

गणेश अस्पताल की टीम ने शिविर में ईसीजी, फेफड़ों की कार्यक्षमता जांच, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, टाइफाइड, रक्त शर्करा और थायरॉइड सहित कई आवश्यक जांच कीं। महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं और स्त्री रोग संबंधी परेशानियों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया।

शिविर में डॉ. देशराज सिंह, डॉ. कपिल कुमार, डॉ. ललित और डॉ. नमिरा सहित गणेश अस्पताल की पूरी टीम मौजूद रही। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना रहा।

पवित्रा होम्योपैथिक क्लिनिक की ओर से शिविर के सफल आयोजन और सहयोग के लिए बिराज फाउंडेशन, डॉ. बिराज तथा गणेश अस्पताल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।