उत्तर रेलवे गाजियाबाद में विश्वकर्मा पूजन उत्सव, भंडारे में सैकड़ों ने प्रसाद ग्रहण किया

यूपीगाजियाबाद। उत्तर रेलवे गाजियाबाद स्थित रनिंग रूम प्रांगण में विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग मुख्य रूप से पहुंचे और भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर श्रद्धालुओं व रेलकर्मियों को प्रसाद वितरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह साढ़े नौ बजे विधिवत हवन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। हवन में देश की प्रगति, तकनीकी उन्नति तथा रेल सेवाओं के सुरक्षित और सुगम संचालन की कामना की गई। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे भंडारा शुरू हुआ। अभिषेक गर्ग ने स्वयं श्रद्धालुओं, रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को पूड़ी, सब्जी व हलवे का प्रसाद परोसा।

अभिषेक गर्ग ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीक के देवता हैं। यह दिन श्रमिकों और रेलकर्मियों के परिश्रम को नमन करने का अवसर है। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से भाईचारा, सेवा भावना और सद्भाव बढ़ता है।

आयोजन में उत्तर रेलवे गाजियाबाद के रनिंग स्टाफ, ट्रैफिक स्टाफ, मुख्य लोको निरीक्षक और मंत्रालयिक स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में सैकड़ों रेलकर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।