
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सांसद अतुल गर्ग के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (वाराणसी–नई दिल्ली) का ठहराव अब गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भी होगा। इससे गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद अतुल गर्ग लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष इस ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद में किए जाने की मांग उठा रहे थे। उनके निरंतर प्रयासों के बाद इस मांग को मंजूरी मिली है।
इस उपलब्धि पर अतुल गर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रेन का ठहराव होने से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। सांसद ने इस सौगात पर गाजियाबाद सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


