भारत केसरी का खिताब लेकर गांव लौटे प्रशांत पहलवान का भव्य स्वागत

सीनियर स्टेट रेसलिंग में 125 किलोग्राम भार वर्ग में जीता स्वर्ण पदक, मिर्जापुर के कछुआ में भारत केसरी का खिताब भी किया अपने नाम

यूपी – गाजियाबाद। प्रशांत पहलवान ने कुश्ती प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र और गांव सदरपुर का नाम रोशन किया है। सहजनवा, गोरखपुर में आयोजित सीनियर स्टेट रेसलिंग प्रतियोगिता के 125 किलोग्राम भार वर्ग में प्रशांत ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, मिर्जापुर के कछुआ में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में भारत केसरी का खिताब अपने नाम किया।

दोहरी उपलब्धि हासिल करने के बाद गांव सदरपुर पहुंचने पर प्रशांत पहलवान का ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर गाजियाबाद कुश्ती संगठन की ओर से भी उन्हें सम्मानित किया गया। संगठन के सचिव सतपाल यादव, उपाध्यक्ष राजू पहलवान और गुरु चतर सिंह ने प्रशांत को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

इसके अलावा सदरपुर के ग्रामीणों ने भी फूल-मालाओं और सम्मान के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में गुरु विनोद पहलवान, विवेक, मुनिराज, तेजपाल खलीफा, महिपाल पहलवान, ज्ञानेंद्र, अमित पार्षद और अर्जुन कोच कबड्डी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

सभी ने प्रशांत पहलवान को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी कुश्ती के क्षेत्र में इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।