श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर से निकली भव्य गणपति विसर्जन शोभायात्रा

यूपी गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर में आयोजित श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव के समापन पर 17 सितंबर को भगवान गणपति की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में रंग-बिरंगी झांकियां, राजस्थान के डांडिया नृत्य, डीजे-बैंड, घोड़े और विभिन्न रथ आकर्षण का केंद्र रहे। ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयघोष लगाए।

शोभायात्रा परम पूज्य महंत नारायण गिरि के सानिध्य में निकाली गई। देवी मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि, महंत महेश दास, मंदिर विकास समिति अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक अनुज धर्म गर्ग तथा व्यवस्थापक विजय मित्तल ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। मार्ग में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर गणपति बप्पा का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया गया।

शोभायात्रा दूधेश्वरनाथ मंदिर से पुराने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुरादनगर स्थित छोटा हरिद्वार पहुंची, जहां विधि-विधान से गणपति प्रतिमा का गंग नहर में विसर्जन किया गया।

मुख्य आयोजक अनुज धर्म गर्ग ने कहा कि गणपति महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश देता है। मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार ने बताया कि विजय सिंघल, आचार्य लक्ष्मीकांत, तोयराज, नित्यानंद, अमित शर्मा, पुनीत पावा, संजीव वर्मा, सुशील शर्मा सहित सैकड़ों साधु-संत और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।