बागू और क्रिश्चियन नगर में पेयजल संकट, 24 घंटे में समाधान की मांग

यूपी – गाजियाबाद। क्रिश्चियन नगर और बागू क्षेत्र (विजय नगर बाईपास) में पिछले 20 दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। पानी की समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि सुदामा पुरी, लाल क्वार्टर स्थित पानी की टंकी का वाल्व करीब 20 दिनों से खराब है। आरोप है कि जल निगम के कर्मचारी प्रतिदिन अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। पेयजल संकट के कारण हजारों घरों में पानी के लिए परेशानी बनी हुई है और लोगों को महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।

अभिषेक गर्ग ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल निगम के उच्च अधिकारियों से वार्ता की और 24 घंटे के भीतर टंकी का वाल्व बदलकर जलापूर्ति सुचारू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी क्षेत्रवासियों के साथ जिलाधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों से वार्ता करेगी।

इस दौरान समाजसेवी अरुण, जाहिद, कंवल सिंह, सोम प्रकाश, कमल, सुमित कुमार, विपिन सिंह, अन्नू, रामजी, जय सिंह, कमलेश शर्मा, लक्ष्मी, सुनीता, अंजू, कमल गुप्ता, प्रेम कुमार, विक्की, सुखवीर, प्रियांश सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।