
यूपी – गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। 18 सितंबर को प्रभारी प्रवर्तन जोन-8 के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की संबंधित धाराओं के तहत ग्राम सभापुर, लोनी स्थित खसरा संख्या-864 में कार्रवाई की गई।
जीडीए के अनुसार उक्त भूमि पर राजवीर पुत्र नत्थू सिंह द्वारा अनधिकृत कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बनाए गए करीब 40 से 50 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, निर्मित सड़कें और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध करने का प्रयास किया। हालांकि, प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। मौके पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-8, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-4 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।
जीडीए अधिकारियों ने बताया कि अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आगामी माह में भी विभिन्न स्थानों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।

