एबीईएस कॉलेज में 150 से अधिक छात्राओं को स्तन और सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया जागरूक

आईएमए के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में पीसीओएस के लक्षण, बचाव और एचपीवी टीकाकरण की दी जानकारी

यूपी – गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद शाखा की ओर से एबीईएस कॉलेज में स्कूल हेल्थ प्रोग्राम के तहत विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईएमए की कोषाध्यक्ष डॉ. सारिका जैन के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर बीमारियों, उनके शुरुआती लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. राशि अग्रवाल ने स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण, स्वयं जांच करने की विधि और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान होने से उपचार में काफी मदद मिलती है।

विशेषज्ञ डॉ. नीलू खनेजा ने पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) के कारणों, लक्षणों और बचाव के बारे में बताया। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और बेहतर दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। साथ ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

डॉ. सारिका जैन ने कॉलेज प्रशासन और छात्राओं का आभार जताते हुए कहा कि युवाओं, विशेषकर छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना आईएमए की प्राथमिकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बीमारियों के प्रति जागरूक कर समय रहते बचाव के लिए प्रेरित करना रहा।