कोटेदारों की समस्याओं के समाधान के लिए हर मंच पर आवाज उठाएंगे अभिषेक गर्ग

प्रदेश अध्यक्ष विकास शर्मा और जिला अध्यक्ष उमेश त्यागी की मौजूदगी में सपा नेता का स्वागत

यूपी – गाजियाबाद। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन की ओर से गाजियाबाद जिले में कोटेदारों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रदेश अध्यक्ष विकास शर्मा के दिशा-निर्देशन और जिला अध्यक्ष उमेश त्यागी के नेतृत्व में हुई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। फेडरेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

बैठक में कोटेदारों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अभिषेक गर्ग ने कहा कि कोटेदारों के हितों की रक्षा के लिए वह हर मंच पर मजबूती से उनकी आवाज उठाएंगे। उनकी जायज समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए जल्द ही कोटेदारों के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं से कराई जाएगी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी कोटेदारों को किसी प्रकार की समस्या होने पर वह उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। बैठक में फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी और जिलेभर से बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे।