
भारतीय विरासत और आधुनिकता के संगम ने दर्शकों का मन मोहा, लोकनृत्यों और कविताओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
यूपी – ग्रेटर नोएडा। माउंट विन्सन स्कूल, ग्रेटर नोएडा का प्रथम वार्षिकोत्सव ‘संस्कृति-विरासत की गूंज, भविष्य का कैनवास’ हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना और मां सरस्वती की स्तुति के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के विविध रंग बिखेरे।
कार्यक्रम में कालबेलिया, जुगनी सहित विभिन्न लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। भारतीय लोक संस्कृति और आधुनिकता के अनूठे संगम को देखकर उपस्थित जनसमूह ने विद्यार्थियों की जमकर सराहना की।

समारोह में सुविख्यात कवि राज कौशिक, डॉ. चेतन आनंद और कवि डॉ. नितिन गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।
विद्यालय के चेयरमैन नरेंद्र यादव और प्रबंधक अमित कुमार यादव ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘संस्कृति’ भारतीय विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की सार्थक पहल है। समारोह यादगार बन गया।

