
स्वस्थ जनपद के संकल्प के साथ गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य की चिंता कर रहे सामाजिक संगठन
यूपी – गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद और गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की चिंता को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी गाजियाबाद शाखा की ओर से गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित करने का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस शाखा अध्यक्ष रविंद्र कुमार मांदड़ तथा सभापति सुभाष गुप्ता के आह्वान पर रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता ने सहयोग का हाथ बढ़ाया है।

रोटरी के विभिन्न क्लबों के सहयोग से प्रत्येक माह चार निर्धारित दिनों में गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित करने का संकल्प दोहराया गया। इसी क्रम में 2 नवंबर को संजय नगर स्थित जिला चिकित्सालय में चयनित 105 गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली प्रदान की गई।
इस अवसर पर सुभाष गुप्ता, संजय यादव, मूलचंद गौड़, शशि साधना, उषा रानी, निशा गुप्ता और अजय साधना मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग का भी पूरा सहयोग मिला।
कार्यक्रम में राजकीय चिकित्सालय की प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नलिनी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी। उन्होंने एक अभिभावक की तरह विस्तार से समझाते हुए महिलाओं को प्रसन्न रहने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती माताओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और स्वस्थ जनपद के निर्माण में योगदान देना है।

