34वीं उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गाजियाबाद के खिलाड़ियों का दबदबा, कई पदक जीते

यूपी – गाजियाबाद। लखनऊ विश्वविद्यालय के मैदान पर आयोजित 34वीं उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। जिला मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पाल सिंह और सचिव लिखीराम चौधरी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया।

70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में ब्रजभान शर्मा ने गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक में तीन स्वर्ण जीते। लिखीराम चौधरी ने हथौड़ा फेंक में स्वर्ण तथा भाला और चक्का फेंक में दो रजत पदक हासिल किए। सत्यकेतु सिंह ने रजत और सत्यवीर त्यागी ने 100, 200 व 400 मीटर दौड़ में तीन स्वर्ण जीते।

65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भीम सिंह ने दो स्वर्ण और एक कांस्य, जबकि ओमप्रकाश ने एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में वीरेंद्र कुमार ने तीन रजत तथा विजेंद्र सिंह मलिक ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त किया।

55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अजय प्रमुख ने स्वर्ण, रजत और कांस्य सहित तीन पदक जीते। देवेंद्र सिंह ने तीन स्वर्ण और एक रजत, राकेश कुमार दक्ष ने दो रजत तथा लवकुश ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया। 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पारुल राठौर ने तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।