किसानों को इस वर्ष 550 रुपये प्रति क्विंटल मिले गन्ने का भाव : राकेश टिकैत

यूपी – गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की बढ़ती लागत को देखते हुए सरकार को इस वर्ष गन्ने का भाव कम से कम 550 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करना चाहिए। राकेश टिकैत बुधवार को एक पुराने मुकदमे में गाजियाबाद स्थित विशेष न्यायालय (एमपी-एमएलए कोर्ट) में पेश होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कोर्ट परिसर में पत्रकारों से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि 22 जनवरी 2021 के बाद किसानों की एमएसपी को लेकर सरकार से कोई बातचीत नहीं हुई है। किसान आंदोलन के बाद देश में कोई बड़ा किसान आंदोलन भी नहीं हुआ। उन्होंने विपक्षी नेताओं को सुझाव दिया कि वोट चोरी के मुद्दे पर प्रत्येक राज्य में बड़ी रैलियां आयोजित की जानी चाहिए।

टिकैत ने कहा कि भविष्य में किसान आंदोलन हुआ तो दिल्ली के चारों ओर केएमपी एक्सप्रेसवे बंद कर राजधानी का घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रदूषण के लिए बड़ी फैक्ट्रियों और निर्माण कार्यों को जिम्मेदार बताया तथा कहा कि किसान अब पराली नहीं जलाते, बल्कि उसे बेच देते हैं।

कृषि मंत्री जयंत चौधरी को बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों पर उनसे भी सवाल किए जाएंगे।

राकेश टिकैत के अधिवक्ता चौधरी अजय वीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 के पुराने मुकदमे में विशेष न्यायालय के न्यायाधीश निशांत मान की अदालत में पेशी थी। हड़ताल के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अगली तारीख 12 नवंबर निर्धारित की गई है। इस दौरान जिला अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह, चौधरी राम कुमार सिंह दुहाई और महेश यादव बमहैटा मौजूद रहे।