
यूपी – गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को सेवा पखवाड़े के अंतर्गत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद इकाई ने विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए। जिलाधिकारी एवं रेड क्रॉस अध्यक्ष रविंद्र कुमार मांदड़ के आह्वान पर राजकीय रक्त कोष, राजकीय चिकित्सालय गाजियाबाद में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया।
शिविर का शुभारंभ सांसद अतुल गर्ग और भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रेड क्रॉस उपाध्यक्ष डॉ. सचिन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, भाजपा के क्षेत्रीय एवं महानगर पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर में 52 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को रेड क्रॉस की ओर से प्रशंसा पत्र और मग प्रदान किया गया।

सेवा अभियान के दूसरे चरण में 50 चयनित पात्र क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। तीसरे चरण में 12 कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली देकर उनके अभिभावकों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार देने की सलाह दी गई।
रेड क्रॉस के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आयोजन की सफलता में सामूहिक प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी संजय यादव, धवल गुप्ता, डॉ. पवन कुमारी, एमसी गौड़, राकेश गुप्ता, राजेश गर्ग, विपिन अग्रवाल, डॉ. ओपी अग्रवाल और विनोद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम तथा भाजपा कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में हुए आयोजन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

