
सात शिक्षकों को बेस्ट टीचर्स अवार्ड से किया सम्मानित
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में मेवाड़ का 28वां स्थापना दिवस एवं शिक्षक दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में सात शिक्षकों को उल्लेखनीय शैक्षणिक कार्यों के लिए बेस्ट टीचर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मेवाड़ के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि शिक्षा से बड़ी कोई समाज सेवा नहीं है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों में संस्कार, विद्या, कौशल, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीयता की भावना विकसित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ें। उन्होंने वंचित वर्ग को शिक्षित करने पर भी जोर दिया।
महासचिव अशोक कुमार सिंघल ने कहा कि डॉक्टर जीवन बचाता है, जबकि शिक्षक जीवन बनाता है। उन्होंने शिक्षक दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाने और शिक्षकों से अपने दैनिक कार्यों की डायरी तैयार करने का आह्वान किया।
समारोह में पूजा जैन, डॉ. सलमान हुसैन, रश्मि श्रीवास्तव, सीमा पंथरी, डॉ. अरुणा भारद्वाज, अदिति और शुभम जैन को शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिक्षक विनय सक्सेना तथा विद्यार्थियों अंशिका, वंशिका जैन, शाहीन अंजुम और आयुषी जैन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संचालन डॉ. श्रेया अग्रवाल ने किया।

